पांच दिवसीय दीपमालिका महोत्सव का शुभारम्भ

-आरोग्य के देवता भगवान धन्वन्तरि की हुई पूजा अर्चना
-आज से घरों में जलेंगे दीप, बाजारों में अपूर्व खरीददारी
-करीब बीस हजार वाहन शोरूमों से निकलकर आए सड़क पर

जयपुर, 28 अक्टूबर। धन-धान्य और अंधेरे पर उजाले की विजय का त्यौहार दीपावली आ गया है। पांच दिवसीय दीपोत्सव का आज से शुभारम्भ हो गया है। धनतेरस की आज सुबह पूजा अर्चना हुई। आयुर्वेद अस्पतालों में भगवान धन्वन्तरि की पूजन किया गया। औषधियों और आयुर्वेद के ग्रंथों की पूजा हुई। शाम को दीप जलेंगे और अंधेरा दूर हो जाएगा।
आज सुबह ही बाजार खुल गए और बाजारों में भीड़ भी उमड़ी। दीपावली पूजन के सामान की दुकानें भी सज चुकी हैं। इसके अलावा मोतीडूंगरी गणेश मंदिर पर नए वाहनों की पूजा अर्चना कराने वालों की लम्बी कतारें लगी हुई है। एक अनुमान के अनुसार आज शाम तक करीब पन्द्रह से बीस हजार वाहन शोरूम से सड़क पर उतर आएंगे।
इससे पहले सुबह जयपुर के आयुर्वेद चिकित्सालयों में भगवान धन्वन्तरि की पूजा विधि विधान से की गई। जोरावर सिंह गेट स्थित माधोविलास आयुर्वेद चिकित्सालय से चिकित्सकों ने मधुमेह जागरुकता रैली भी निकाली।
शाम को जगमगाएंगे बाजार
आज से पांच दिन के लिए शहर जगमगा उठेगा। शहर में रोशनी की शुरुआत हो जाएगी। बाजार आकर्षक रोशनी से जगमगा उठेंगे। बड़े काम्पलेक्सों में शुमार गौरव टॉवर, गणपति प्लाजा, पिंक स्क्वेयर, मॉल 21 सहित सभी मुख्य व्यवसायिक कॉम्पलेक्स सजाए गए हैं।
आज से दीपदान
शाम को घरों और मंदिरों में दीपक जलाएं जाएंगे। इसी के साथ पांच दिवसीय दीपदान महोत्सव शुरू हो जाएगा। इस बार चायना के दीपकों की बजाए लोगों में मिट्टी के दीपकों को लेकर चार्म देखने को मिल रहा है।
कल प्रेस क्लब में बांटे जाएंगे मिट्टी के कलात्मक दीपक
पिंकसिटी प्रेस क्लब में शनिवार को नि:शुल्क माटी के दीपकों का वितरण किया जाएगा। चीन निर्मित दीपकों के खिलाफ  अमृत माटी इण्डिया ट्रस्ट एवं प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में प्रात: 11 बजे क्लब परिसर में सदस्यों को माटी के कलात्मक दीपकों का नि:शुल्क वितरण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *