न्यूयॉर्क, 30 अक्टूबर। इसे भारत की बढ़ती ताकत कहें या पूरी दुनिया में दीपावली की लोकप्रियता में लगातार हो रहा इजाफा कि अब संयुक्त राष्ट्र संघ (यूएन) में इस त्योहार को मनाया गया है। ऐसा पहली बार है जब दुनिया के इस प्रमुख संगठन ने दीवाली मनाई है। यूएन के इस कदम पर भारत की ओर से धन्यवाद कहा गया है।
सेलिब्रेशन के लिए शनिवार को संयुक्त राष्ट्र के न्यूयॉर्क स्थित हेडक्वॉर्टर की इमारत पर हैपी दिवाली का संदेश लिखा गया। इस मेसेज के साथ एक दीपक भी दिखाई दिया। यह संदेश ब्लू रंग से लिया गया।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के एम्बैसडर और स्थायी प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन ने यूएन की इस पहल का स्वागत किया और ट्विटर पर इसकी तस्वीर साझा की। उन्होंने ट्वीट किया, हैपी दिवाली। संयुक्त राष्ट्र पहली बार दिवाली सेलिब्रेट कर रहा है। इस पहल के लिए यूएन को धन्यवाद। बता दें कि इससे पहले 2014 में भी संयुक्त राष्ट्र ने दिवाली के मद्देनजर एक अहम कदम उठाया था। तब इस संस्था ने दिवाली के दिन को नॉन-मीटिंग डे (इस दिन कोई बैठक नहीं) घोषित कर दिया था। इसके लिए संयुक्त राष्ट्र महासभा की तरफ से बाकायदा एक प्रस्ताव को स्वीकार किया गया था।
संयुक्त राष्ट्र में पहली बार मनाई दिवाली
