-सोनिया गांधी का अध्यक्षीय कार्यकाल बढ़ेगा
-दिल्ली में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की बैठक
रोशनलाल शर्मा
जयपुर, 7 नवम्बर। अब भी राहुल गांधी में वह क्षमता नहीं है कि वे कांग्रेस को संभाल सके तथा देश के लिए नेतृत्व दे सकें। ये हमारा सोचना नहीं है बल्कि कांग्रेसियों की राय है। यही कारण है कि एक बार फिर राहुल गांधी को कांग्रेस का नेतृत्व सौंपने का विचार त्याग दिया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का कार्यकाल बढ़ाया जा रहा है।
आज खबर लिखे जाते समय नई दिल्ली में कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक हो रही है। इस बैठक में मुद्दे तो विचार के लिए कई रखे गए हैं लेकिन मुख्य एजेंडा यही है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का अध्यक्षीय कार्यकाल कम से कम एक साल लिए और बढ़ाया जाए। जैसा कि कांग्रेस में होता आया है, सोनिया गांधी का कार्यकाल सर्वसम्मति से एक बार फिर बढ़ा दिया जाएगा।
सोनिया गांधी 1998 में कांग्रेस की अध्यक्ष बनी थीं। 2010 में उन्हें पांच साल के लिए अध्यक्ष बनाया गया था लेकिन समय पर चुनाव नहीं करा पाने की वजह से पिछले वर्ष भी सोनिया गांधी का कार्यकाल एक साल बढ़ाया गया था। इसके बाद राहुल गांधी को महासचिव से उपाध्यक्ष के पद पर पदोन्नत करके उन्हें कांग्रेस में दूसरी ताकत बनाया गया। इसके बाद से ही कांगे्रस में भी कुछ नेता यह मांग उठाने लगे थे कि राहुल गांधी को कांग्रेस की कमान सौंपी जाए। कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी का स्वास्थ्य भी निरन्तर खराब चलता आ रहा है। इसे देखते हुए ये लग रहा था कि राहुल गांधी को कांग्रेस की कमान सौंप दी जाएगी और सोनिया गांधी को छुट्टी दे दी जाएगी।
लेकिन, पिछले उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में आ रहे चुनावों को देखते हुए इस फैसले को फिलहाल टाल दिया गया है। पिछले दिनों राहुल गांधी के कुछ भाषणों को लेकर भी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि अभी उनमें वह परिपक्वता नहीं आई है कि वे कांग्रेस को सर्वोच्च नेतृत्व दे सकें। उत्तर प्रदेश का चुनाव कांग्रेस के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। कांग्रेस समाजवादी पार्टी में चल रही कलह का फायदा खुद उठाना चाहती है। इधर भाजपा भी इस कोशिश में है। ऐसे में कांग्रेस मानती है कि सोनिया गांधी की छवि उत्तर प्रदेश सहित दूसरे राज्यों में कांगे्रस की वापसी का ब्रह्मास्त्र साबित हो सकती है। राहुल गांधी के जरिए सत्ता में वापसी की संभावना कम है।
प्रियंका के सक्रिय होने की संभावना
कांग्रेस नेताओं का मानना है कि अब सोनिया गांधी की पुत्री प्रियंका गांधी के पूरी तरह से राजनीति में सक्रिय होने का सबसे उचित समय है। ऐसे में हो सकता है कि कार्यसमिति की बैठक में इस पर भी विचार विमर्श हो।
फिलहाल कांग्रेस की कमान राहुल को नहीं
