नोट बदलवाने के लिए बैंकों के बाहर लगी लंबी कतारें

-कई जगह फार्म की आई दिक्कत
-चौड़ा रास्ता स्थित एसबीबीजे में 9.30 बजे तक नहीं शुरू हुआ काम, पब्लिक ने मचाया हंगामा

जयपुर, 10 नवम्बर। 500 और 1000 रुपए के पुराने नोट बंद होने के चलते एक दिन की छुट्टी के बाद गुरुवार से बैंक खुल गए, लेकिन बैंकों के बाहर लोगों की भारी भीड़ देखकर बैंककर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। इधर, एटीएम आज भी बंद है। लोगों की परेशानी बरकरार है।
जयपुर के चौड़ा रास्ता स्थित स्टेट बैंक ऑफ बीकानेर एंड जयपुर की सर्विस ब्रांच में आज सुबह 8 बजे की बजाए 9.30 बजे तक काम शुरू नहीं हो पाया। बैंक के बाहर भारी भीड़ सुबह सात बजे से ही जुटना शुरू हो गई थी। इससे लोगों ने वहां हंगामा खड़ा कर दिया। पुलिस जाब्ता पहले से ही लगाया हुआ था लेकिन हंगामा बढ़ता देख और पुलिस बुलानी पड़ी। इसी प्रकार रिजर्व बैंक के बाहर भी सुबह सात बजे से लोग जुटना शुरू हो गए और सुबह दस बजे तक बाहर सड़क तक लम्बी लाइन लग गई। जयपुर के प्रधान डाकघर जीपीओ में भी नोट बदलवाने वालों की भारी भीड़ देखी गई।
आरबीआई ने पहले ही आदेश दे दिया है कि शनिवार-रविवार भी बैंक चालू रहेंगे। अगर आप किसी भी ब्रांच में जाकर पुराने नोट बदलवाने जा रहा हैं तो वहां एक फॉर्म भरना होगा। एक पेज के इस आसान फॉर्म में 9 तरह की जानकारी देनी होगी। गौरतलब है कि बड़ी वैल्यू के जाली नोट बाजार में बढ़ गए थे। आम लोग जाली नोट का पता नहीं लगा पा रहे थे। देशविरोधी गतिविधियों में इन नोटों का इस्तेमाल हो रहा था। भारत केश बेस्ड इकोनॉमी है। अभी पूरी तरह कैशलेस नहीं हुई है। लिहाजा, नोटों के मामलों में सिक्युरिटी जरूरी थी। इसलिए यह फैसला हुआ।
बैंक में नोट बदलवाने के लिए क्या करें
आपको एक पन्ने की रिक्वेेस्ट स्लिप भरनी होगी। इसमें नौ तरह की जानकारी देनी होगी। सबसे ऊपर बैंक का नाम, फिर ब्रांच का नाम डालना होगा। इसके बाद कैपिटल में अपना नाम लिखना होगा। इसके बाद एक कॉलम आई डी प्रूफका होगा। उसमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी कार्ड, पासपोर्ट, नरेगा कार्ड या पैन कार्ड में से कोई एक ऑप्शन पर टिक करना होगा। जिस भी आईडी प्रूफ के आगे निशान लगा रहे हैं, अगली लाइन में उस पर दर्ज आइडेंटिफिकेशन नंबर लिखना होगा। इसके बाद हाई डिनॉमिनेशन बैंक नोट्स की डिटेल्स देनी होंगी। यानी 500-1000 रुपए के कितने नोट दे रहे हैं और उनकी टोटल वैल्यू क्या है, यह बतानी होगी। टोटल वैल्यू को शब्दों में लिखना होगा। नीचे साइन करने होंगे। तारीख और जगह लिखनी होगी।
पोस्ट ऑफिस में भी बदले जा रहे नोट
प्रदेशभर सभी डाकघरों में भी नोट बदले जा रहे हैं। 4000 रुपए तक के 500-1000 के नोट बदले जा सकते हैं। अभी ये साफ नहीं कि डाकघर में भी शनिवार और रविवार को काम होगा।
अफरा-तफरी मची
हालांकि केन्द्र सरकार ने 30 दिसंबर तक बैंकों में और 30 दिसंबर के बाद आरबीआई के दफ्तरों में जाकर नोट बदले जाने की व्यवस्था की है लेकिन इसके बावजूद भी पहले ही दिन अफरातफरी का माहौल देखने को मिला। लोगों को बहुत जल्दी थी।  इससे कई बैंकों में सुबह-सुबह की अव्यवस्था का आलम हो गया। कई जगह हंगामें की नौबत आ गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *