गुरुनानक जयन्ती मनाई, कार्तिक पूर्णिमा पर लगाई श्रद्धा की डुबकी

file

जयपुर, 14 नवम्बर। छोटी काशी कहे जाने वाली जयपुर नगरी में आज माहौल धार्मिक है। सिख समाज का त्यौहार गुरुनानक जयन्ती हर्षोल्लास से शहर में मनाया जा रहा है, वहीं कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर शहर के एक मात्र तीर्थ स्थल गलता में धर्म की डुबकी लगाने वालों की बड़ी ताताद देखी गई।
शहर में गुरुद्वारों में आज सुबह से शबद कीर्तन और गुरुवाणी के स्वर गूंज रहे थे। दोपहर बाद यहां लंगर बरताए जाएंगे। हीदा की मोरी स्थित गुरूद्वारा, ट्रांसपोर्ट नगर और राजापार्क गुरुद्वारे में गुरुनानक जयन्ती पर विशेष आयोजन और रोशनी की गई है।
इधर कार्तिक मास आज पूर्ण हो गया है। एक माह से महिलाएं कार्तिक का व्रत कर रही थी। इस दौरान सुबह सूर्योदय से पहले स्नान और मंदिरों में भजन कीर्तन के कार्यक्रम में चल रहे थे। कार्तिक पूर्णिमा पर कार्तिक स्नान का समापन हो गया। इस वजह से गलता तीर्थ पर आज सुबह 3 बजे से श्रद्धालुओं की स्नान के लिए कतारें देखी गई। ये दौर सुबह करीब दस बजे तक बदस्तूर जारी रहा। इधर, अजमेर जिले के पुष्कर सरोवर में भी धर्म की डुबकी लगाने वालों लोगों का तांता लगा रहा है। जयपुर, जोधपुर, टोंक और नागौर जिलों से भी बड़ी संख्या में यहां पहुंचे लोगों ने विभिन्न घाटों पर स्नान करके भगवान ब्रह्मा के मंदिर में दर्शन किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *