अशोक लाहोटी होंगे जयपुर के नवें महापौर

जयपुर। तीन दिन पहले भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता बनाए गए अशोक लाहोटी को जयपुर का अगला महापौर बनने का गौरव प्राप्त होने जा रहा है। आज महापौर के लिए हो रहे चुनाव में अशोक लाहोटी का नाम पार्टी स्तर पर और मुख्यमंत्री के स्तर पर तय हो गया है और लाहौटी नगर निगम में अपना नामांकन दाखिल करने पहुंच भी गए हैं। वे जयपुर के नवें महापौर होंगे। लाहौटी भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी की पसन्द भी है। मंगलवार को निर्मल नाहटा ने मेयर के पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके तुरंत बाद ही लॉबिंग और बाड़ाबंदी का दौर शुरू हो गया और जीत अशोक लाहोटी की हुई।  जयपुर नगर निगम में भाजपा के पार्षदों की संख्या को देखते हुए मेयर पद भाजपा के खाते से छिटक नहीं सकता। ऐसे में उनके नामांकन दाखिल करने के साथ यदि कोई विरोधी पर्चा दाखिल नहीं करता है तो उनका निर्विरोध निर्वाचन हो जाएगा।
जयपुर नगर निगम के गठन के बाद पहले महापौर मोहनलाल गुप्ता थे। इसके बाद महापौर बनी निर्मला वर्मा, उनके निधन के बाद कार्यभार संभाला पवन शर्मा ने, फिर उपचुनाव में चौथी महापौर बनी शील धाभाई। उनके बाद अशोक परनामी और फिर परनामी जब चुनाव लडऩे चले गए तो महापौर बने पंकज जोशी। इसके बाद हुए सीधे चुनाव में महापौर बनी ज्योति खण्डेलवाल और उनके बाद निर्मल नाहटा को पिछली बार महापौर बनाया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *