प्रदेश बीजेपी का प्रांत स्तरीय प्रशिक्षण शिविर 24 से

जयपुर। प्रदेश भाजपा की तरफ से प्रांत स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग महाभियान शुरू किया जा रहा है। 24 से 27 फरवरी तक यह प्रशिक्षण कार्यक्रम होगा। प्रशिक्षण महाभियान के प्रदेश प्रभारी मदनलाल सैनी ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में 24 फरवरी को पहले दिन उद्घाटन सत्र होगा। उद्घाटन सत्र दोपहर दो बजे से रात साढ़े दस बजे तक चलेगा। इसके बाद 25 और 26 फरवरी को सुबह 6 बजे से रात साढ़े दस बजे तक सत्र चलेगा। इसके बाद आखिरी दिन यानी 27 फरवरी को सुबह 6 बजे से दोपहर ढाई बजे तक समापन सत्र चलेगा। इस प्रशिक्षण वर्ग महाभियान में मंत्रीगणों को एक समूह बनाकर उन्हें एक दिन ही एक वर्ग में रहना होगा। इस प्रांत स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग महाभियान में सांसद, पूर्व सांसद, वर्तमान महापौर, वर्तमान मंत्री परिषद के सदस्य, पूर्व मंत्री, वर्तमान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, निवर्तमान प्रदेश पदाधिकारी, प्रांतीय प्रकल्प प्रमुख, प्रांतीय विभाग प्रमुख, वर्तमान प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष, निवर्तमान प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष शामिल होंगे। इस प्रशिक्षण वर्ग में बीजेपी के इतिहास और विकास, एकात्म मानववाद, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, राष्ट्र के समक्ष चुनौतियां, अर्थायाम, विचार परिवार, सैद्धांतिक अधिष्ठान, सहकारिता, पार्टी का वित्तीय प्रबंधन, सामाजिक समरसता, कार्यकर्ता व्यक्तित्व विकास, विदेश नीति, सुशासन के कुछ प्रारंभिक बिंदु, संगठन एवं सत्ता में समन्वय, हमारी कार्यपद्धति विषय होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *