चालान काटने पर हंगामा, विधायक समर्थकों और पुलिस में लाठी-भाटा जंग

-विधायक और भाजपा अध्यक्ष गिरफ्तार
कोटा। शहर के महावीर थाने में सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। पुलिस द्वारा एक भाजपा कार्यकर्ता का चालान काट देने के बाद बात इतनी बढ़ गई कि भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच युद्ध तक हुआ। पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी।
दरअसल पुलिस ने किसी भाजपा कार्यकर्ता का चालान बना दिया, जिसके बाद बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता थाने पहुंच गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस बीच विधायक चन्द्रकांता मेघवाल के पति नरेन्द्र मेघवाल ने थानाधिकारी से बदसलूकी कर दी। इसके बाद पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर जमकर लाठियां बरसा दीं। बताया जा रहा है कि अपने नेता को पिटते हुए देख भाजपा कार्यकर्ता अपना आपा खो बैठे और पुलिस पर जमकर पथराव करने लगे। इसके बाद इलाके का माहौल हंगामे में बदल गया। वहीं पुलिस ने भी भाजपा कार्यकर्ताओं को दूर तक खदेड़ा। इस दौरान जो भी कार्यकर्ता पुलिस के हाथ आया, उसी पर पुलिस ने सारी भड़ास निकाल ली और थाने ले गई। इससे पहले पुलिस ने विधायक चन्द्रकांता मेघवाल और जिला अध्यक्ष हेमन्त विजयवर्गीय को हिरासत में लिया।
सत्ता का दुरूपयोग करने वालों के खिलाफ हो कार्रवाई: पायलट
इधर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने भाजपा विधायक से संबंधित लोगों द्वारा पुलिस के साथ की गई मारपीट को निंदनीय बताते हुए इसे सत्ता के रसूख के बल पर प्रशासन का दमन करने की प्रवृत्ति करार दिया है। उन्होंने कहा कि कानून व नियम के तहत् चालान काटे जाने से नाराज समर्थकों ने कानून को हाथ मे लेकर बता दिया है कि सत्ता में बैठे लोगों व उनसे जुड़े कार्यकर्ताओं के सारे गुनाह माफ है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *