-बांसवाड़ा की रैली में उमड़ा जन सैलाब
जयपुर/बांसवाड़ा। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार केन्द्र सरकार पर बड़ा निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के पास किसान की बात सुनने के लिए दस मिनिट भी नहीं है। राहुल बांसवाड़ा पहुंचे थे।जहां उन्होंने किसान आक्रोश रैली को संबोधित किया। किसानों को लेकर उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी व राज्य की वसुंधरा सरकार पर जमकर निशाना साधा।
राहुल गांधी ने कहा कि जीएसटी के लिए रात को 12 बजे संसद खुल सकती है, लेकिन किसानों के लिए 10 मिनट का समय सरकार संसद में चर्चा के लिए नहीं दे रही। राहुल ने प्रदेश के नेताओं से कहा कि वे राज्य सरकार पर दबाव बनाएं जिससे सरकार किसानों की सुध ले। सभा को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट, नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी, पूर्व सीएम अशोक गहलोत, सीपी जोशी ने भी संबोधित किया।
राहुल ने कहा, आज सुबह मैं लोकसभा में था। वहां कांग्रेस ने किसानों के बारे में डिस्कशन के लिए समय मांगा था। हम चाहते थे कि लोकसभा में किसानों के बारे में चर्चा हो। जो आपके दिल में दुख है उस बारे में सदन में हम बोलना चाहते थे। बात करना चाहते थे, लेकिन हमें समय नहीं दिया गया। हमने चर्चा के लिए दो-तीन घंटे नहीं केवल 10-15 मिनट मांगे थे। हम आपके बारे में बोलना चाहते थे, लेकिन संसद में आज आपकी आवाज नहीं उठाई जा सकती।
जीएसटी के लिए संसद को 12 बजे खोला जा सकता है। मगर किसान के लिए वहां बात नहीं हो सकती। यह है एनडीए की सचाई। राहुल ने मोदी सरकार पर रोजगार को लेकर भी तंज कसा। उन्होंने कहा, मोदी जी ने वादा किया था कि 2-3 करोड़ लोगों को रोजगार देंगे। हमने सरकार से पूछा कितने लोगों को रोजगार मिला। जवाब मिला एक लाख लोगों को रोजगार मिला। सरकार ने रोजगार नहीं दिलाया। उल्टा सरकार किसानों की जमीन ले रही है। इससे फायदा किसका हो रहा है। गरीबों, किसानों व व्यापारियों का तो फायदा नहीं हो रहा।
राहुल ने कहा, हम किसानों के साथ हैं और राज्य की भाजपा सरकार पर इतना दबाव बनाएंगे कि सरकार किसानों का कर्जा माफ करेगी। मैं इसके लिए हर जिले व निचले स्तर पर जाने को तैयार हूं। हम सरकार में नहीं हैं। अगर होते तो इस बारे में बात करने की जरूरत ही नहीं पड़ती।
राज्य सरकार किसानें के लिए कुछ नहीं कर रही
सभा को सबसे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने संबोधित किया। सचिन ने वसुंधरा सरकार पर किसानों के लिए कुछ काम नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, राजस्थान में किसान लगातार आत्महत्याएं कर रहे हैं। पिछले साल राज्य में 60 किसानों ने सुसाइड किया। राज्य सरकार हाथ पर हाथ धरकर मजा लूट रही है वहीं किसान आत्महत्याएं कर रहे हैं। सभा को सीपी जोश, नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।
इससे पहले राहुल गांधी विमान से तलवाड़ा हवाई पट्टी पहुंचे। यहां से वे गोविंद गुरु कॉलेज के सामने खेल स्टेडियम स्थित जनसभा स्थल पहुंचे जहां वे किसानों के परिवारों से मिले।
पूरी होटलें बुक रहीं
जनसभा से पहले कई राष्ट्रीय और प्रांतीय नेता पहले ही बांसवाड़ा पहुंच चुके थे। पहली बार शहर की सारी छोटी-बड़ी 40 होटलें फुल हो चुकी थीं। होटलों में जगह नहीं मिल पाने के चलते कुछ नेताओं को शहर से दूर निजी कंपनियों के रेस्ट हाउस में ठहराया गया था।
गहलोत के साथ सेल्फी का क्रेज
राहुल गांधी के इस दौरे को सफल बनाने में प्रदेश कांग्रेस के तमाम बड़े नेता जुटे। इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से बांसवाड़ा गेस्ट हाउस में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं ने मुलाकात की. राहुल के दौरे की तैयारियों का फीडबैक लेते समय गहलोत के साथ भी सेल्फी लेने वालों होड़ मची दिखी।
किसानों के लिए सरकार के पास दस मिनिट नहीं: राहुल
