भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया अमित शाह का जोरदार स्वागत

-एयरपोर्ट से भाजपा मुख्यालय तक जगह-जगह हुए स्वागत
जयपुर। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह अपनी तीन दिवसीय राजस्थान यात्रा पर शुक्रवार को जयपुर पहुुुंचे। सांगानेर एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया गया। सांगानेर एयरपोर्ट पहुंचने पर सीएम वसुंधरा राजे सहित राज्य कैबिनेट के सदस्य व प्रदेश पदाधिकारियों ने शाह का स्वागत किया। भाजपा में आगामी चुनावों के लिए नई जान फूंकने के लिए अमित शाह राजस्थान आए हैं।
एयरपोर्ट पर स्वागत सत्कार की परंपरा निभाई गई। महिला कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी पर फूल बरसा कर स्वागत किया। महिलाओं के साथ सीएम राजे, प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी व वी सतीश भी मौजूद रहे। पधारौ म्हारै देस गीत के बीच उनका स्वागत किया गया। इसके बाद अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उनके काफिले के आगे बाइकर्स चले। बाइकर्स में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल थे। रास्ते में उनकी गाड़ी पर फूल बरसाए जाते रहे। रास्ते में कड़ी सुरक्षा के बीच उनका काफिला रेंगता रहा।
एयरपोर्ट से लेकर प्रदेश मुख्यालय तक 8 स्थानों पर उनका अभिनंदन किया गया। रास्ते में आई तेज बारिश में शाह का काफिला गुजरता रहा। गांधी सर्किल पर उनका काफिला रुका। यहां शाह ने गांधीजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। एयरपोर्ट से भाजपा मुख्यालय पहुंचने में उन्हें एक घंटे का समय लगा।
ई लाइब्रेरी का किया शुभारंभ
भाजपा मुख्यालय पहुंचने पर शाह ने ई लाइब्रेरी का शुभारंभ किया। ई लाइब्रेरी में 7 हजार पांच सौ से अधिक किताबें हैं।
तीन दिन में करेंगे 14 बैठकें
शाह इन तीन दिनों में संगठन के सबसे छोटे पदाधिकारी से लेकर प्रदेश स्तर और विधायक-सांसदों से लेकर निगम-बोर्ड अध्यक्षों विभाग-प्रकल्पों तक के ओहदेदारों की 14 बैठकें करेंगे। वे 22 जुलाई को राष्ट्रपति के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दिल्ली जाएंगे और रात को ही जयपुर लौट आएंगे। वे जयपुर प्रवास के दौरान पार्टी मुख्यालय में ही रात्रि विश्राम करेंगे।
साधु संतों के साथ होटल में होगी आज मुलाकात
शनिवार को सुबह 9 से 10 बजे तक विभिन्न समाजों के अध्यक्षों और साधु-संतों से होटल शकुन में मुलाकात का कार्यक्रम रखा गया है। इसी दिन मोर्चा-प्रकोष्ठों, प्रकल्प-विभाग और सांसदों-विधायकों से व्यक्तिगत चर्चा भी करेंगे। इसके बाद दोपहर ढाई बजे प्रेस वार्ता को संबोधित करेंगे। प्रेस वार्ता के बाद अमित शाह दिल्ली चले जाएंगे। वहां राष्ट्रपति के कार्यक्रम में भाग लेने के बाद रात को ही जयपुर लौट आएंगे।
रविवार को यह रहेगा कार्यक्रम
परनामी ने बताया कि 23 जुलाई को सुबह नौ बजे प्रदेश कोर कमेटी की बैठक, दस बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष समिति, विस्तारक कार्ययोजना समिति की बैठक होगी। इसके बाद 11 बजे शाह आरएसएस कार्यालय जाएंगे। वहां से लौटकर प्रदेश मुख्यालय में बोर्ड-निगम, आयोगों, महापौर, जिला प्रमुख, पंचायत समिति प्रधान नगर निकाय अध्यक्षों से बैठक करेंगे। इसके बाद दोपहर दो बजे लोकसभा चुनाव को लेकर प्रदेश कोर कमेटी चुनाव प्रबंधन कमेटी की बैठक करेंगे। इसके बाद करीब चार बजे वे एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
घुसा जेबकतरा, जेब काटने की बना रहा था योजना
अमित शाह की इस यात्रा पर अब चोरों की भी नजर पड़ गई। चोर समर्थकों की भीड़ में घुसकर लोगों की जेब तराशने की जुगत में नजर आए। ऐसी ही एक घटना जयपुर के गांधी सर्किल पर घटित हुई। जहां अमित शाह गांधीजी की मूर्ति पर माल्यार्पण करने पहुंचे थे तभी एक जेब कतरा अमित शाह के समर्थकों के बीच में घुस गया और जेब तरासी के काम में लग गया। इस दौरान समर्थकों ने इस चोर को रंगे हाथ पकड़ लिया और गांधी सर्किल पर हंगामा हो गया। पुलिस ने तुरंत माहौल सम्भालते हुए जेबकतरे को गिरफ्तार कर गांधी नगर थाने ले गई। जेबकतरे के पास से काले रंग का बैग और ब्लेड बरामद हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *