-भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक –
एकजुट, एकमुख और एकरूप होकर जुटें, जीत हमारी होगी
अलवर। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा है कि हम अलवर एवं अजमेर संसदीय क्षेत्र तथा माण्डलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के होने वाले उपचुनाव में निश्चित रूप से ऐतिहासिक जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह धौलपुर विधानसभा चुनाव में हमने इतिहास रचा था उसी तरह हमें इन तीनों उपचुनावों में भी ऐतिहासिक परिणाम मिलेंगे। उसके बाद विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भी ऐतिहासिक जीत के साथ सरकार बनाएंगे। इसके लिए हमें अभी से एकजुट, एकमुख और एकरूप होकर काम करना होगा।
राजे सोमवार को अलवर के प्रताप ऑडिटोरियम में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि 13 दिसम्बर को हमारी सरकार के सफल 4 वर्ष पूरे हो रहे हैं। कार्यकर्ता इस अवधि में उनके क्षेत्र, गांव एवं शहर में हुए विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों को जनता के समक्ष रखें। उन्होंने जीएसटी में आवश्यक संशोधन कर देशवासियों को राहत देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और वित्त मंत्री अरूण जेटली का आभार व्यक्त किया।
राजे ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राजनीति को सेवा का माध्यम मानते हैं जबकि दूसरे दलों के कार्यकर्ता सेवा में भी राजनीति करते हैं। इसी वजह से हमारे कार्यकर्ताओं को भाजपाई होने पर गर्व है और हमें ऐसे कार्यकर्ताओं पर नाज है।
किसानों के कल्याण के लिए हरसंभव प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट के जयपुर और कोटा में सफल आयोजन के बाद अब उदयपुर में इसका आयोजन करने जा रहे हैं। किसानों को 57 हजार करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त फसली ऋण देकर राजस्थान अव्वल रहा है। व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा कवर की राशि कांग्रेस के समय से 12 गुना बढ़ाकर 6 लाख रुपए तक कर दी गई है।
हमारा समय में सर्वाधिक विकास: परनामी
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने कहा है कि भाजपा सरकार ने अपने अब तक के कार्यकाल में जितना विकास किया है उतना पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार अपने पांच साल के कार्यकाल में भी नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि हमारे घोषणा पत्र सुराज संकल्प पत्र की 78 प्रतिशत घोषणाएं पूरी हो गई है। प्रदेश में 50 हजार अल्पकालीन विस्तारक और 272 दीर्घकालीन विस्तारक सूचीबद्ध हुए हैं। विस्तारकों ने बूथ स्तर तक पहुंच कर जनसम्पर्क किया है और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई है। राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्रीवी. सतीश तथा प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर ने बैठक में संगठनात्मक कार्ययोजनाओं पर चर्चा की। प्रदेश सह प्रभारी गोपाल शेट्टी ने केन्द्र सरकार की योजनाओं की जानकारी कार्यकर्ताओं को दी। राजे ने कार्यसमिति की बैठक की शुरूआत कन्या पूजन कर की।
ये रहे मौजूद
बैठक में केन्द्रीय संसदीय कार्य एवं जल संसाधन राज्यमंत्री अर्जुन राम मेघवाल, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर, गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया एवं राज्य मंत्रिपरिषद के सदस्यगण, पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी तथा कार्यसमिति सदस्य उपस्थित थे। इससे पहले हैलीपेड पर सामाजिक न्याय अधिकारिता विभागीय मंत्री अरुण चतुर्वेदी, श्रम मंत्री डॉ. जसवंत सिंह यादव, सामान्य प्रशासन विभाग मंत्री हेमसिहं भड़ाना, अन्तरराज्यीय जल विवाद निराकरण समिति के अध्यक्ष रोहिताश्व कुमार शर्मा, संसदीय सचिव ओमप्रकाश हुड़ला, राजस्थान युवा बोर्ड के उपाध्यक्ष संदीप यादव, नगर परिषद सभापति अशोक खन्ना, नगर विकास न्यास के अध्यक्ष देवीसिंह शेखावत, शहर विधायक बनवारीलाल सिंघल, विधायक ज्ञानदेव आहूजा, विधायक धर्मपाल चौधरी, जयराम जाटव, मंगलराम कोली, मामनसिंह यादव तथा पुलिस महानिरीक्षक हेमन्त प्रियदर्शी, जिला कलक्टर राजन विशाल, जिला पुलिस अधीक्षक राहुल प्रकाश सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
उपचुनाव पर भी चर्चा
भाजपा प्रदेश कार्य समिति की बैठक के बारे में जानकारी देने के लिए बैठक संपन्न होने के बाद शाम को एक बार पुन: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने कहा कि बैठक में अलवर में होने वाले लोकसभा उपचुनाव के बारे में भी चर्चा की गई है। भाजपा जातिगत चुनाव से दूर है। वे किसी भी जाति व अन्य वंशवाद को बढ़ावा देते हुए टिकट नहीं देगी। टिकट उसे ही दिया जाएगा जिसे जनता स्वीकारेगी।