रोशनलाल शर्मा
जयपुर/नई दिल्ली। कांगे्रस अध्यक्ष पद के लिए हो चुनाव में राहुल गांधी का अध्यक्ष बनना तय हो गया है। राहुल गांधी के सामने किसी अन्य नेता ने नामांकन दाखिल नहीं किया है। मंगलवार को नामांकन पत्रों का समीक्षा होने के बाद तय तो हो जाएगा कि राहुल गांधी ही कांग्रेस अध्यक्ष होंगे लेकिन सूत्र बताते हैं कि कांग्रेस इसकी घोषणा तय शिड्यूल के अनुसार 11 दिसम्बर को ही करने जा रही है।
इससे पहले सीनियर लीडर कमलनाथ, शीला दीक्षित, मोतीलाल वोरा, तरुण गोगोई राहुल के नाम के प्रस्तावक बने। इस मौके पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी मौजूद रहे। वर्किंग कमेटी की ओर से डाले गए एक नामांकन सैट पर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव अशोक गहलोत और सी.पी. जोशी के हस्ताक्षर हैं।
अध्यक्ष चुने जाने पर यह पद संभालने वाले राहुल नेहरू-गांधी परिवार के छठे शख्स होंगे। कांग्रेस में सोनिया गांधी सबसे अधिक 19 साल से अध्यक्ष हैं। कांग्रेस पार्टी में 7 साल बाद चुनाव हो रहे हैं। 132 साल में नेहरू-गांधी परिवार 44 साल अध्यक्ष रहा। इन 44 साल में से 25 साल मोतीलाल से राजीव गांधी तक कांग्रेस प्रेसिडेंट रहे। परिवार में पं. नेहरू सबसे कम 40 साल की उम्र में तो सोनिया सबसे ज्यादा 52 की उम्र में अध्यक्ष बनीं। सोनिया कांग्रेस में मुख्य संरक्षक की भमिूका में रह सकती हैं।
राजस्थान की ओर से एक नामांकन सैट में वरिष्ठ नेताओं के हस्ताक्षर
हर प्रदेश कांग्रेस की तरफ से भी तीन-तीन सैट नामांकन के डाले गए थे जिसमें एक सैट पर प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रस्तावक और समर्थक बने थे। इनमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट, प्रतिपक्ष के नेता रामेश्वर डूडी, गोपाल सिंह शेखावत, मुमताज मसीह, डॉ. बी.डी. कल्ला, नरेन्द्र बुढ़ानिया, रमेश मीणा, खिलाड़ीलाल बैरवा, मूलचंद मीणा आदि के हस्ताक्षर थे।
डूडी लाइन में, एसपीजी ने पायलट की भी नहीं मानी
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय में नामांकन के लिए पूरे देश से कांग्रेस के नेता वहां पहुंचे थे और बड़े-बड़े नेताओं को वहां लाइन में खड़े होकर अन्दर जाने की जद्दोजहद करते हुए देखा गया। प्रतिपक्ष के नेता रामेश्वर डूडी और उपनेता रमेश मीणा को भी तय समय से पहले प्रवेश नहीं करने दिया गया। वे एसपीजी से उलझते रहे। इस दौरान वहां पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने एसपीजी से कहा कि ये सीएलपी लीडर ऑफ राजस्थान हैं इन्हें अन्दर जानें दे लेकिन एसपीजी ने 11 बजे से पहले अन्दर प्रवेश देने से साफ मना कर दिया।
कांग्रेस अध्यक्ष पद; राहुल गांधी का नामांकन, 11 को होगी घोषणा
