अभिनेता शशि कपूर नहीं रहे


मुंबई। अपने जमाने के जाने-माने अभिनेता पद्म विभूषण शशि कपूर का सोमवार शाम को निधन हो गया। 79 साल के शशि कपूर लंबे समय से बीमार थे और अस्पताल में भर्ती थे। उन्होंने आखिरी सांस यहां के कोकिलाबेन हॉस्पिटल में ली। उन्हें शनिवार को छाती में दर्द की शिकायत के बाद एडमिट किया गया था। शशि का जन्म कोलकाता में 18 मार्च को 1938 को हुआ था। साल 2011 में उन्हें पद्म भूषण पुरस्कार से और साल 2015 में दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।उन्होंने सोमवार की शाम को 5.20 बजे अंतिम सांस ली। शशि पृथ्वीराज कपूर के सबसे छोटे बेटे थे। पृथ्वीराज के तीन बेटे थे। राज कपूर, शम्मी कपूर और शशि कपूर। शशि कपूर की वाइफ जेनिफर का निधन कैंसर की बीमारी से 1984 में हुआ था। करीबी बताते हैं कि जेनिफर के जाने के बाद वे काफी अकेले पड़ गए थे। उनके तीन बच्चे हैं, कुणाल कपूर, करन कपूर और संजना कपूर।
पृथ्वी थियेटर से शुरुआत
शशि कपूर ने पृथ्वी थियटर के नाटक शंकुतला से अपने करियर की शुरुआत की। उनकी पहली फिल्म आग थी। इसे उनके बड़े भाई राज कपूर ने बनाई थी। आवारा फिल्म में शशि ने अपने बड़े भाई राज कपूर के बचपन का रोल किया था। फिल्मों में उनकी एंट्री यश चोपड़ा की फिल्म धर्मपुत्र से हुई थी। शशि ने करीब 160 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया था। 1970 से 1980 के बीच शशि कपूर ने प्राण के साथ 9 फिल्में (बिरादरी, चोरी मेरा काम, फांसी, शंकर दादा, चक्कर पे चक्कर, राहू केतु और मान गए उस्ताद) कीं। इसी तरह 1974 से 1991 के बीच अमिताभ बच्चन के साथ वे 12 फिल्मों (रोटी, कपड़ा और मकान, दीवार, कभी-कभी, ईमान धरम, त्रिशूल, काला पत्थर, सुहाग, दो और दो पांच, शान, सिलसिला, नमक हलाल, और अकेला) में बतौर को-स्टार काम किया।
मेरे पास मां है
अमिताभ बच्चन के साथ की गई फिल्म दीवार में उनका डॉयलाग ‘मेरे पास मां हैÓ आज भी बच्चों और उस समय के दर्शकों की जुबां पर रहता है। इसी डॉयलाग ने उनकी अच्छी खासी पहचान बनाई। इस फिल्म में उन्होंने अमिताभ बच्चन के छोटे भाई की भूमिका निभाई थी जो एक पुलिस इंस्पेक्टर होता है और अपने ही अपराधी भाई को गिरफ्तार करने की जिम्मेदार उस पर होती है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *