भाजपा सरकार के 4 वर्ष : 80 फीसदी वादे हुए पूरे, कांग्रेस अपने गिरेबां में झांके: परनामी

जयपुर। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष अशोक परनामी ने दावा किया है कि भाजपा सरकार ने 4 वर्ष पूरे होने पर 80 फीसदी वादे पूरे कर दिए है और शेष कार्यों को सरकार यथासंभव शीघ्र पूरे करेगी।
प्रदेश भाजपा मुख्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में परनामी ने कहा कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने प्रदेश की जनता का विश्वास जीता है और भाजपा सरकार की बीते चार साल की सभी फ्लैगशिप योजनाओं की पूरे देश में प्रशंसा हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार दुष्प्रचार कर रही है, जबकि तथ्यों और आंकड़ों के साथ उन्हें भाजपा सरकार के कार्यकाल के साथ अपने पूर्ववर्ती कार्यकाल की तुलना करनी चाहिए। परनामी ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा को निकम्मी सरकार कहने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को अपने पांच साल का कार्यकाल देखना चाहिए था, फिर बयानबाजी करनी चाहिये थी।
परनामी ने कहा कि कांग्रेस की दयनीय हालत है और आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा 180 सीटें जीतेगी और मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नेतृत्व में फिर से सरकार बनेगी। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी में घड़ी लगने पर प्रतिक्रिया देते हुए परनामी ने कहा कि खुद कांग्रेस पार्टी की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार जनता की सरकार है जो जीरो टॉलरेंस पर काम करती है। कांग्रेस को धौलपुर के परिणाम से कांग्रेस को सबक लेना चाहिए। आने वाले चुनाव में जनता जवाब देगी और फिर से देश और प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनेगी। कांग्रेस के आरोपों पर परनामी ने कहा कि कांग्रेस सरकार से दो गुना काम हमारी बीजेपी सरकार ने किया है। कांग्रेस नेताओं ने राज्य की बजाय अपना विकास किया, अगर कांग्रेस विकास करती तो चुनाव हारती नहीं।
सरकार के विभागों के आंकड़े गिनाते हुए परनामी ने पिछली कांग्रेस सरकार के कामों से सरकार के कामकाज की तुलना की। उन्होंने बताया कि नवीन सड़कों के निर्माण पर हमने 6 हजार करोड़ से ज़्यादा का पैसा किया, जबकि कांग्रेस ने सड़कों पर ध्यान नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि राज्य में बिजली कि बिगड़े तंत्र सरकार ने सुधारा। राज्य मे बिजली कटौती पर सरकार ने अंकुश लगाया और 22 लाख घरेलू बिजली कनेक्शन दिए. हमारी सरकार ने कांग्रेस से कई गुना ज़्यादा किसानों को बिजली में सब्सिडी दी। कांग्रेस के आरोपों पर परनामी बोले कि मात्र आंकड़ों के आधार पर कांग्रेस आरोप लगा रही है, जबकि बीजेपी ने कांग्रेस राज में बिगड़ी राज्य की दशा को सुधारा है। कांग्रेस आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबां में झांके।
राज्य में पानी की कमी ना हो इसके लिए सरकार सीएम जलस्वावलंबन योजना लेकर आई। इस योजना से राज्य में घटता हुआ जल स्तर बढ़ रहा है। पुराने बावडिय़ों और कुओं की दशा सरकार ने सुधारी है। सरकार की योजनाओं को सराहते हुए परनामी बोले कि राज्य में सारी योजनाएं पूरी तरह से जनहितेशी हैं। उन्होंने सरकार को बधाई देते हुए कहा कि वसुंधरा राजे ने जनता का विश्वास जीता है और सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरी है।
पटाखे फोड़ मनाई खुशियां
राज्य सरकार के सफलतम चार वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा मुख्यालय में खुशियां मनाई गई। इस दौरान एकत्र हुए कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की तथा एक दूसरे का मुंह मीठा कराया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष परनामी सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *