जयपुर। पूर्व मुख्यमंत्री और गुजरात चुनाव के प्रभारी अशोक गहलोत ने एग्जिट पोल के तमाम कयासों को दरकिनार करते हुए कहा कि गुजरात में इस बार सत्ता परिवर्तन होगा और कांग्रेस अपनी सरकार बनाएगी, बशर्ते ईवीएम में गडबड़ी नहीं हुई तो।
गहलोत रविवार को राजस्थान कांग्रेस कमेटी जयपुर के कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता हरिदेव जोशी और गिरधारी लाल व्यास को श्रृद्धांजलि देने पहुंचे थे। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ईवीएम में गड़बड़ी की बात सीधे तौर पर नहीं कही। अशोक गहलोत ने कहा कि लोगों को ऐसा लगता है कि गुजरात में कांग्रेस की लहर है और ईवीएम में गड़बड़ी नहीं हुई, तो चुनाव कांग्रेस जीत रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे में चुनाव आयोग की बड़ी जिम्मेदारी बनती है कि लोगों का विश्वास बरकरार रख सकें, ताकि लोगों को चुनाव आयोग पर कोई संदेह ना हो। कांग्रेस कार्यालय में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि एग्जिट पोल पर निर्भर नहीं रहा जा सकता हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि कार्यकर्ता से लेकर आम जनता तक उन्हें खूब समर्थन मिला हैं। राजस्थान में डॉक्टरों की हडताल पर गहलोत ने कहा कि समय पर अगर सरकार समय रहते और सभी पक्षों को सुनकर फैसला करती तो शायद ही हड़ताल की नौबत आती। अपनी विभिन्न जिम्मेदारियों को लेकर कहा कि उन्हें भले केन्द्र में काम मिले या राज्य में वे हमेशा आलाकमान के निर्देशों की पालना करते हैं।
ईवीएम में गड़बड़ी नहीं हुई तो गुजरात में कांग्रेस बनाएगी सरकार: गहलोत
