जयपुर/अलवर। प्रदेश कांग्रेस ने अलवर सीट पर होने जा रहे लोकसभा उपचुनाव में अपने उम्मीदवार के रूप में डॉ.करण सिंह यादव को उतारने का फैसला कर लिया है। इस पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्रसिंह ने भी मुहर लगाई है। वहीं जयपुर से कांग्रेस प्रवक्ता अर्चना शर्मा ने भी इसकी पुष्टि की है। इससे पूर्व भंवर जितेन्द्र सिंह को ही प्रत्याशी बनाए जाने की संभावना थी लेकिन भाजपा से जसवंत यादव को टिकट दिए जाने की संभावना को को भांपते हुए कांग्रेस ने डॉक्टर करण सिंह यादव को प्रत्याशी बनाने पर मुहर लगा दी है।
डॉ. करण सिंह यादव पूर्व में भी अलवर सीट से 14वीं लोकसभा के सदस्य रह चुके हैं। साथ ही अलवर जिले की बहरोड़ विधानसभा से दो बार विधायक भी रह चुके हैं। अलवर जिले में यादवों का बाहुल्य है। कांग्रेस की ओर से प्रत्याशी की घोषणा ने भाजपा को भी सोचने पर मजबूर कर दिया है। अब भाजपा को यादवों का वोट बैंक भुनाने के लिए किसी और प्रत्याशी पर विचार करना पड़ सकता है। कांग्रेस प्रवक्ता अर्चना शर्मा ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के निर्देश पर राजस्थान प्रभारी अविनाश पांडे ने डा. करण सिंह यादव को अलवर लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया है।
गौरतलब है कि अलवर से भाजपा के लोकसभा सांसद महंत चांदनाथ के निधन के बाद यह सीट खाली हो गई थी। यहां उपचुनावों की घोषणा जनवरी माह के पहले सप्ताह में किसी भी समय हो सकती है।
अलवर में करणसिंह यादव होंगे कांग्रेस उम्मीदवार
