विभिन्न टीवी चैनल्स से प्राप्त जानकारी
राजस्थान सहित उत्तर-भारत में बुधवार को भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसका असर जम्मू-कश्मीर, दिल्ली-एनसीआर और पंजाब में दिखा। श्रीनगर में 15 से 20 सेकंड तक धरती हिलती रही। दिल्ली-एनसीआर में इसका असर कम रहा। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान था। पाकिस्तान में एक लड़की की मौत हो गई और 11 लोग जख्मी हो गए।
भूकंप करीब दोपहर 12.40 बजे आया। भारत में अभी तक किसी भी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। इसका केंद्र अफगानिस्तान का हिंदुकुश इलाका था। यहां भूकंप की तीव्रता 6.2 थी। यूरोपियन मेडिटेरेनियन सिसमोलॉजिकल सेंटर ने बताया कि भूकंप हिंदुकुश में 182 किमी जमीन के अंदर आया। यही वजह रही कि इस भूकंप का असर दिल्ली तक महसूस किया गया। इसका असर अफगानिस्तान, पाकिस्तान और भारत तक देखने को मिला है।
पाकिस्तान के इस्लामाबाद, पेशावर और लाहौर में भी इसका असर दिखा। पाकिस्तान मीडिया के मुताबिक, बलूचिस्तान के लासबेला में एक लड़की की मौत गई। वहीं, 11 लोग जख्मी हो गए, इनमें दो स्कूली बच्ची शामिल हैं।
भूकंप के झटके राजस्थान में भी महसूस किए गए। 10 से 15 सेकंड तक ये झटके महसूस किए गए। जिसके बाद लोग घर से बाहर निकल आए। 12.42 पर राजस्थान के कुछ इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। जयपुर, जोधपुर में भी महसूस किए गए भूकंप के झटके। राजस्थान के सादुलशहर में भूकंप के बाद लोग घर से बाहर निकल आए।