जयपुर। देश में जानी-मानी सेलीबे्रटी गायिका कनिका कपूर में कोरोना पोजेटिव का पहला मामला सामने आ गया है। साथ ही राजनीतिक हस्ती के रूप में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे और राजस्थान से सांसद उनके पुत्र दुष्यंत सिंह भी कोरोना संदिग्धों में शामिल हो गए हैं क्योंकि वे कनिका के साथ एक पार्टी का हिस्सा थे। इधर राजस्थान के भीलवाड़ा में शुक्रवार को संक्रमण के छह नए मामले सामने आने के बाद हंगामा मचा हुआ है।
बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर कोरोना पॉजिटिव पाई गई हैं। उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को सामने आए कोरोना के 4 नए मामलों में उनका केस भी शामिल है। कनिका को लखनऊ के केजीएमयू के आइसोलेशन वॉर्ड में भर्ती किया गया है। वे 9 मार्च को लंदन से लौटी थीं। यहां एक अपार्टमेंट में रुकीं और ताज होटल में एक पार्टी में शामिल हुईं। इस पार्टी में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे बेटे दुष्यंत सिंह और बहू निहारिका राजे के साथ मौजूद थीं। दुष्यंत भाजपा सांसद हैं। अब स्वास्थ्य विभाग पार्टी में शामिल बाकी लोगों का पता लगा रहा है। सभी की जांच की जाएगी। अगर उनमें कोरोना के लक्षण नजर आए तो उन्हें अलग रखा जाएगा। इसबीच, यूपी के स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह और पूर्व सांसद जितिन प्रसाद ने भी खुद को आइसोलेट कर लिया।
वसुंधरा ने कहा- मैं और दुष्यंत आइसोलेशन में हैं
कुछ दिन पहले दुष्यंत और उनके ससुराल वालों के साथ मैं लखनऊ में एक डिनर पर गई थी। कनिका कपूर, जो कि कोविड19 संक्रमित पाई गई हैं, वें भी उस डिनर में बतौर अतिथि मौजूद थीं। सावधानी के तौर पर मैं और दुष्यंत सेल्फ-आइसोलेशन में हैं और हम सभी आवश्यक निर्देशों का पालन कर रहे हैं।
प्रदेश में एक ही दिन में 8 केस, हाई अलर्ट
-भीलवाड़ा की सीमाएं सील, लोगों को सुबह तीन घंटे और शाम को दो घंटे ही घर से निकलने की इजाजत।
राजस्थान में शुक्रवार को कोरोनावायरस के 8 केस सामने आए। इनमें भीलवाड़ा के 6 और जयपुर के 2 मरीज शामिल हैं। भीलवाड़ा में संक्रमित होने वाले छह लोगों में से तीन डॉक्टर और तीन कंपाउंडर हैं। ये सब शहर के एक निजी अस्पताल में काम करते थे। घटना के बाद अस्पताल को सील कर दिया गया। प्रदेश में अब तक 17 मरीजों में कोरोनावायरस की पुष्टि हो चुकी है। शुक्रवार को ही कोरोना का इलाज करा चुके इटली के पर्यटक की मौत हो गई थी। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी मौत की वजह कोरोना न होकर कुछ और थी।
भीलवाड़ा में संक्रमित पाए गए डॉक्टर-कंपाउंडर जिस अस्पताल में काम करते थे, वहां 5080 लोगों के पहुंचने की जानकारी मिली है। इन सभी की सूची बनाई जा रही है। इसके बाद भीलवाड़ा जिले को हाई अलर्ट पर रखा गया है। शहर में कुल 13 स्थानों पर 400 बेड के आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं। हालांकि, अब तक 10 मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव भी आई है।
भीलवाड़ा जिला प्रशासन ने लोगों से घर में ही रहने को कहा है। प्रशासन ने लोगों से कहा है- दैनिक जरूरतों का सामान लेने के लिए सुबह 7-10 और शाम को 5-7 बजे के बीच ही घर से बाहर निकलें। जिले में सभी प्रकार के वाहनों के परिवहन पर भी रोक लगा दी गई है।
इटली का ठीक हुआ पर्यटक आखिर बच नहीं सका, मौत का कारण कोरोना नहीं
देश में कोरोनावायरस के संक्रमित मिले पहले विदेशी पर्यटक की शुक्रवार को जयपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा ने कहा कि इटली का पर्यटक रेगुलर स्मोकर था। कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने पर उसे दूसरी बीमारियों के इलाज के लिए फोर्टिस हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया था। अब मौत का कारण कोरोना से अलग मिला है। इससे पहले भारत में कोरोनावायरस से कर्नाटक के कलबुर्गी, दिल्ली, मुंबई और पंजाब के नवांशहर में मौतें हो चुकी हैं। सभी मृतक 60 साल से ज्यादा उम्र के थे।
जयपुर में स्विजरलैंड और यूएस से आए मरीज
जयपुर में स्विजरलैंड से लौटे एक व्यक्ति और यूएस से लौटी एक महिला कोरोना पॉजिटिव मिली है। सभी को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया गया है। महिला वैशाली नगर की रहने वाली बताई जा रही है।