जयपुर। राज्य कर्मचारियों ने एक बार फिर से सरकार के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। राज्य कर्मचारी सोमवार से जिला मुख्यालयों पर 48 घंटे का अनशन करेंगे।
राजस्थान में राज्य कर्मचारियों को नये वेतनमान देने के लिए नियमों में संशोधन की अधिसूचनाएं जारी कर दी गई हैं। ऐसे में राज्य कर्मचारियों को नया वेतनमान मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
राज्य कर्मचारियों के लिए नया वेतनमान 1 जनवरी 2016 से माना जाएगा। लेकिन 1 जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2016 तक इसका लाभ नोशनल दिया जाएगा। ऐसे में अब न्यूनतम वेतन 6900 के बजाए 17700 रुपए हो जाएगा। साथ ही अधिकतम वेतन 2 लाख 18 हजार रुपए होगा।
लेकिन राज्य कर्मचारी सरकार के इस प्रस्ताव को मानने के लिए तैयार नहीं हैं। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति से जुड़े कर्मचारी नेता महावीर सिहाग का कहना है कि राज्य सरकार कर्मचारियों के साथ छलावा कर रही है। राज्य कर्मचारी सरकार के झांसे में आने वाले नहीं हैं। साथ ही जब तक राज्य कर्मचारियों की मांगें सही तरीके से और लिखित में नहीं मानी जाएंगी तब तक उनका यह आंदोलन जारी रहेगा।
राज्य कर्मचारियों का जिला मुख्यालयों पर 48 घण्टे का अनशन यथावत, सरकार के नोटिफिकेशन पर भी राजी नहीं हुए कर्मचारी
